27/09/2026
पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध को ढाका पुलिस ने दबोचा, मोबाइल से मिले अहम सुराग!
पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध को ढाका पुलिस ने किया गिरफ्तार
ढाका, पूर्वी चंपारण। पूर्वी चंपारण में पुलिस ने आतंकवाद-रोधी कार्रवाई के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई संदिग्ध की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों और प्रतिबंधित आतंकी समूहों के साथ डिजिटल संपर्क की सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर ढाका थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष पुनि० राज रूप राय के नेतृत्व में बिसरहिया गांव के पास छापेमारी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे मौ० सेराज आलम, पिता समसुल हक, निवासी बिसरहिया, ढाका को मौके से पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि मोबाइल में आतंकी गतिविधियों से जुड़े वीडियो, फोटो और देशविरोधी मैसेजिंग एप के चैट पाए गए। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध के पाकिस्तान स्थित गजवात-उल-हिंद नेटवर्क से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके डिजिटल उपकरण को जांच के लिए सुरक्षित किया है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्रवाई में सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार, ढाका थानाध्यक्ष राज रूप राय सहित पुलिस टीम शामिल रही। Motihari Police Shah News Bihar