11/09/2026
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। प्रदेश के सबसे बड़े हमीदिया अस्पताल से नर्सिंग अफसर की स्कूटी चोरी हुई थी। घटना 17 दिन पहले हुई थी। पुलिस अभी तक स्कूटी बरामद नहीं कर पाई है। अब नर्सिंग अफसर के घर स्कूटी का चालान पहुंचा, जिसके साथ तस्वीर भी थी। तस्वीर देखकर नर्सिंग अफसर के होश उड़ गए हैं।
दरअसल, चालान के साथ एक तस्वीर भी थी। उस तस्वीर में स्कूटी को ड्राइव एक लेडी कॉन्स्टेबल कर रही है। लेडी कॉन्स्टेबल ने रेड लाइट को जंप किया था। यह चालान अपेक्स बैंक तिराहा से रोशनपुरा की तरफ जाते समय रेड लाइट जंप का बना है।
भोपाल पुलिस भले ही अभी तक स्कूटी को बरामद नहीं कर पाई है। लेकिन ट्रैफिक पुलिस के कैमरे से इसका चालान कट गया है। चालान दो सितंबर की दोपहर 12 बजकर 22 मिनट पर कटा था। उसी समय महिला कॉन्स्टेबल वहां से गुजरी है।नर्सिंग ऑफिसर नीलू की स्कूटी हमीदिया अस्पताल के परिसर से चोरी हुई थी। उनकी स्कूटी 22 अगस्त को चोरी गई है लेकिन आज तक बरामद नहीं हुई। वह थाने के चक्कर भी लगा रहे हैं लेकिन ठोस जवाब नहीं मिला है। चालान मिलने के बाद उन्होंने फिर से पुलिस में शिकायत की है।
Credit: NAVBHARAT TIMES